कैंप कार्यालय पर प्रेस वार्ता करते सांसद जगदंबिका पाल। संवाद
सिद्धार्थनगर। सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में विश्राम सदन के उद्घाटन शिलापट्ट पर विधायक श्यामधनी राही का नाम नहीं डाले जाने के आरोप से वह आहत है। वह अपने कैंप कार्यालय पर प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि यह पावर ग्रिड की तरफ से आयोजित कार्यक्रम था। उन्होंने अपने फाॅर्मेट पर ही पत्थर पर नाम डाले थे। इसकी मुझे जानकारी नहीं थी। इस मुद्दे पर प्रेस में जाने की बजाए उन्हें मुझसे बात करनी चाहिए थी। उन्हें कार्यक्रम में रहना चाहिए था। उन्होंने कहा कि इसके पहले नगर पालिका सिद्धार्थनगर में प्रदेश के नगर विकास विभाग की तरफ से कराए गए कार्यों पर सांसद का नाम नहीं डाला गया।
उन्होंने नगर पालिका सिद्धार्थनगर की तरफ से कराए गए कई विकास कार्यों के शिलान्यास व लोकार्पण के पत्थरों का हवाला देते हुए कहा कि उस समय सभासदों, चेयरमैन श्याम बिहारी जायसवाल और विधायक श्यामधनी राही का नाम था। बहुत अच्छी बात थी कि विधायक जय प्रताप सिंह का भी नाम डाला गया लेकिन इन उद्घाटन व लोकार्पण के पत्थरों में सांसद का नाम नहीं होने पर विधायक द्वारा विरोध नहीं जताया गया। हम अब भी इस कार्यक्रम में उनका नाम डालने का प्रयास करेंगे।