सिद्धार्थनगर। जिले के उद्यान विभाग के माध्यम से एकीकृत बागबानी विकास मिशन योजना वर्ष 2025-26 के भौतिक और वित्तीय लक्ष्य को घटा दिया गया है। इससे रबी सीजन में प्याज, लहसुन व केला की खेती किसानी करने वाले किसानों को झटका लगा है। ऐसे में किसानों के आय दुगना करने की मंशा पर भी पानी फिर जाएगा।
वित्तीय वर्ष में केला टिश्यू कल्चर के रकबा का लक्ष्य पिछले वर्ष के अपेक्षा 136 हेक्टेयर से घटाकर 25 हेक्टेयर और प्याज का रकबा 193 से मात्र चार हेक्टेयर कर दिया है। लहसुन के खेती किसानी करने वाले किसानों को सबसे अधिक झटका लगा है।
348 हेक्टेयर वित्तीय वर्ष 2024-25 में था। इसे भी घटाकर मात्र पांच हेक्टेयर में सीमित कर दिया है। ऐसे में इन फसलों की खेती करने वाले जिले के किसानों को इस योजना का लाभ नहीं मिल पाएगा।
सब्जी की खेती करने वाले किसान मुरारी प्रसाद, दिनेश व बुझारत का कहना है कि विभाग से बीज नहीं मिलने से निजी खेती करने में लागत बहुत बढ़ जाएगी, जिससे केला, प्याज और लहसुन आदि की खेती करना कठिन होगा।