बांसी कस्बे में इलेक्ट्रॉनिक क्रैकर्स उपकरण को निहारता ग्राहक। संवाद
सकारपार। दिवाली का पर्व नजदीक आते ही बाजारों में सजावटी लाइटों की रौनक बढ़ने लगी है। घरों और प्रतिष्ठानों को आकर्षक ढंग से सजाने के लिए लोग रंग-बिरंगी झालरें, रोप और डिजाइनर लाइटें खरीद रहे हैं। इस बार आधुनिक डिजाइन के लाइटों की कई वेरायटी मंगाई गई हैं। बांसी की मुख्य बाजार से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की दुकानों तक सजावटी लाइट की खरीदारी शुरू हो गई है। इस बार बाजार में पारंपरिक झालरों के साथ रंग बदलने वाली लाइट, घूमने वाले रंगीन बल्ब, दीपक मॉडल लाइट और क्रिस्टल लाइट उपलब्ध हैं। लोग अपनी पसंद और बजट के अनुसार घरों की छत, बालकनी, दरवाजे और दुकानों को सजाने के लिए खरीदारी कर रहे हैं।
दीपक मॉडल और क्रिस्टल लाइट की भी मांग : सजावटी लाइटों में इस बार दीपक मॉडल खास आकर्षण बना हुआ है। बड़े दीपक के आकार में तैयार इस लाइट के अंदर रंग-बिरंगी रोशनी जलती है। बटन दबाते ही इसमें अलग-अलग रंगों की रोशनी दिखाई देने लगती है।
इसके अलावा बड़े बल्बों वाली क्रिस्टल लाइट भी बाजार में उपलब्ध है। यह 30, 40 और 50 मीटर की लंबाई में मिल रही है। इनकी कीमत क्रमशः 500, 550 और 650 रुपये है। दिवाली पर घरों को आकर्षक रोशनी से सजाने के लिए लोग इनकी खरीदारी कर रहे हैं।
इलेक्ट्रॉनिक क्रैकर्स से मिलेगा पटाखों जैसा अहसास : दिवाली के बाजार में इलेक्ट्रॉनिक क्रैकर्स भी ग्राहकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।