जोगिया। ब्लॉक क्षेत्र के जोगिया गांव में बने मिनी स्टेडियम में खिलाड़ियों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। स्टेडियम परिसर के ठीक ऊपर से हाईटेंशन बिजली की लाइन गुजर रही है।
ऐसे में मैदान में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। खिलाड़ियों का कहना है कि कई बार गेंद बिजली के तारों से टकरा जाती है, जिससे चिंगारी निकलने लगती है।
क्षेत्रीय युवाओं को खेलकूद की सुविधा देने के उद्देश्य से करीब दो वर्ष पहले इस मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया गया था। यहां आसपास के कई गांवों के युवा सुबह और शाम क्रिकेट, फुटबॉल और एथलेटिक्स का अभ्यास करने पहुंचते हैं। खेल के दौरान गेंद ऊंचाई तक जाने से हाईटेंशन तारों से टकराने का खतरा बना रहता है।
स्थानीय खिलाड़ियों और ग्रामीणों का कहना है कि स्टेडियम के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन को हटाने के लिए कई बार विद्युत विभाग और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
स्थिति यह है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक भी चिंतित रहते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से हाईटेंशन लाइन को स्टेडियम परिसर से बाहर शिफ्ट कराने की मांग की है। खिलाड़ी आकाश निवासी जोगिया ने बताया कि स्टेडियम के ऊपर से बिजली के तार गुजर रहे हैं। इससे खिलाड़ियों को खतरा बना रहता है। वहीं, आर्यन निवासी जोगिया ने कहा कि तारों की वजह से क्रिकेट खेलने में परेशानी होती है। कई बार गेंद तार से टकरा जाती है और चिंगारी निकलने लगती है।