सिद्धार्थनगर। कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए शुक्रवार से जिले में भारी वाहनों के लिए विशेष यातायात व्यवस्था लागू हो गई है। सात से 11 अगस्त तक अयोध्या से बस्ती की ओर जाने वाले मार्ग पर भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।
इसका असर सिद्धार्थनगर होकर गुजरने वाले वाहनों पर भी पड़ेगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। पुलिस ने अपील की कि सफर शुरू करने से पहले डायवर्जन की जानकारी जरूर कर लें ताकि रास्ते में परेशानी का सामना न करना पड़े।
यातायात कार्यालय के अनुसार, सिद्धार्थनगर-बस्ती सीमा क्षेत्र में बेवा, लोहरौली (थाना शिवनगर डिडई) और अमौना पांडेय (भारत भारी) से बस्ती की ओर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन स्थानों पर पुलिस बल और बैरियर की व्यवस्था की गई है। आवश्यकता पड़ने पर हालात के अनुसार अल्प सूचना पर संबंधित मार्गों पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह रोका भी जा सकता है।
गोरखपुर, कैंपियरगंज और मेंहदावल की ओर से आने वाले भारी वाहनों को खेसरहा-माधव तिराहा, बांसी पुलिस बूथ, बैदौला तिराहा, डुमरियागंज और भड़रिया बॉर्डर होते हुए उतरौला और बलरामपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
इसी तरह गोंडा की ओर से आने वाले भारी वाहनों को भड़रिया बॉर्डर से बेवा तिराहा, डुमरियागंज, बैदौला तिराहा, बांसी पुलिस बूथ, माधव तिराहा और खेसरहा के रास्ते मेंहदावल, खलीलाबाद और गोरखपुर की ओर भेजा जाएगा।
यातायात निरीक्षक अजय यादव ने बताया कि डायवर्जन लागू होने के बाद बस्ती से उतरौला-गोंडा मार्ग और खलीलाबाद से बखिरा-बांसी मार्ग की ओर जाने वाले वाहनों की संख्या बढ़ सकती है। इसके चलते पथरा-डुमरियागंज मार्ग, बांसी-बखिरा रोड और आसपास के प्रमुख चौराहों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक यातायात दबाव रहने की संभावना है। इसके लिए पुलिस और यातायात कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।