सिद्धार्थनगर। जिले के प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान ठंड से सर्दी, खांसी और बुखार के मरीज इलाज के लिए पहुंचे। डॉक्टरों ने दवा देकर ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनने और बाहर जाते समय सिर ढककर जाने की सलाह दी। भनवापुर प्रतिनिधि के अनुसार, ब्लाॅक क्षेत्र के पीएचसी तरहर, बिजौरा व सोहना में रविवार को जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मेले में खांसी व गले में खराश, एसिडिटी , फंगल इन्फेक्शन, जोड़ों में दर्द, त्वचा रोग आदि के कुल 105 मरीजों का इलाज कर निशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। पीएचसी तरहर में डॉ आशीष सत्यार्थी ने 43 मरीजों, पीएचसी बिजौरा में डॉ. ईशदेव आर्य ने 30 मरीजों व पीएचसी सोहना में डॉ. प्रिंस विश्वास ने कुल 32 मरीजों को इलाज व निशुल्क दवाई दी।
अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा ने पीएचसी तरहर, बिजौरा, सोहना, कोहडौरा तथा बिस्कोहर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी में कार्यरत कर्मी उपस्थित मिले तथा नियमानुसार कार्य किया जा रहा था। अधीक्षक ने बताया कि ठंड से बचने के लिए वूलन कपड़ों का इस प्रकार से इस्तेमाल करें कि पूरे शरीर के साथ-साथ सिर तथा पैर भी ढके रहे। उन्होंने बताया की ठंडक के मौसम में हल्के गर्म पानी, मौसमी ताजे फल तथा गर्म संतुलित भोजन का उपयोग करें तथा भोजन में मौसमी हरी सब्जी, पलक, बेथुवा, सरसों का साग, दाल, दूध, मशरूम, सोयाबीन, मूंगफली, ड्राई फ्रूट, पनीर,अंडे, सूप, गुड़ आदि को शामिल करें।