भीमापार से बीएसए ग्राउंड राजपूत लोधी महासभा की ओर से शहर में निकाली गई रथ यात्रा।
सिद्धार्थनगर। वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती के अवसर पर रविवार को अखिल भारतीय लोधी-राजपूत महासभा की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। भीमापार से शुरू हुई शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बीएसए कार्यालय तक पहुंची।
करीब चार किलोमीटर की यात्रा के दौरान समाज के लोगों ने रानी अवंतीबाई के जयकारे लगाए और उनके शौर्य व साहस को याद किया।
जिलाध्यक्ष अर्जुन लोधी की अगुवाई में संगठन के लोग भीमापार से शहर की ओर बढ़ने के दौरान जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। आयोजकों ने कहा कि रानी अवंतीबाई लोधी का जीवन साहस, स्वाभिमान और देशप्रेम की प्रेरणा देता है। उनके संघर्ष और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से जयंती पर यह आयोजन किया गया। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए बीएसए कार्यालय पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया। इस दौरान महासभा से जुड़े पदाधिकारियों और समाज के लोगों ने रानी अवंतीबाई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
वक्ताओं ने समाज के लोगों से एकजुट होकर शिक्षा, सामाजिक उत्थान और युवा पीढ़ी को आगे बढ़ाने की दिशा में काम करने का आह्वान किया। शोभायात्रा में शामिल लोग हाथों में ध्वज लेकर और नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया। इस दौरान सोनू लोधी, दयाराम, गणेश, राजकुमार, रामदीन, रामवृक्ष आदि मौजूद रहे।