सिद्धार्थनगर। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी समारोह के तहत शनिवार को नौगढ़ ब्लाॅक के सभागार में भाजपा जिला इकाई के तत्वावधान में अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. समीर सिंह ने कहा कि मोदी सरकार भारत रत्न के सपनों को साकार करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि अटल सरकार के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों का व्यापक निर्माण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पोखरण परमाणु परीक्षण और कारगिल युद्ध में सशक्त नेतृत्व जैसे ऐतिहासिक कार्य हुए। भारतीय जनसंघ से लेकर भाजपा तक की वैचारिक यात्रा से अवगत कराते हुए पार्टी के स्थापना वर्ष और राष्ट्रवादी राजनीति में योगदान पर भी प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि गोपेश्वर त्रिपाठी ने कहा भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी वर्ष समारोह की पावन बेला चल रही है। हम सभी को उनके विचारों से प्रेरणा लेनी चाहिए। अटलजी के आदर्श, उनके विचार और उनका कृतित्व सदैव हमें राष्ट्रसेवा, सुशासन और नैतिक राजनीति के पथ पर अग्रसर रहने की प्रेरणा देते रहेंगे।