डुमरियागंज। रविवार को पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय देईपार में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मदर मेला एवं प्रगति मेला बाल उत्सव के तहत आयोजित कार्यक्रम में गोद भराई, स्टॉल प्रदर्शनी और बालिकाओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान प्रतिनिधि उमाशंकर लाल श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलित करने और फीता काटकर किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि आज बालिकाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़कर देश का नाम रोशन कर रही हैं। शिक्षा में किसी तरह का भेदभाव किए बिना बालक और बालिकाओं को समान अवसर देते हुए शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना चाहिए। एआरपी शेषराम यादव ने कहा कि शिक्षित समाज के निर्माण में बालिकाओं की भूमिका अहम है। एक बालिका के शिक्षित होने से पूरा परिवार शिक्षित होता है। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने एक महिला की गोद भराई की और प्रदर्शनी में भी प्रतिभाग किया।
इस मौके पर प्रधानाध्यापक नंदलाल मौर्य, राजकुमार वर्मा, अजमत अली, भैयाराम, तौहीद आलम, संत कुमार, प्रमिला देवी और इंदु गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।