खुनुवां। नेपाल में सनातन हिंदू राष्ट्र की मांग को लेकर सोमवार को राजधानी काठमांडो में पैदल मार्च निकाला गया। इसके अलावा अन्य सीमावर्ती जनपदों में भी हिंदू संगठन ने बैठक की। राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी के करीबी माने जाने वाले नेपाल सनातन धर्म संस्कृति संगठन की ओर से आयोजित इस वॉकिंग टूर में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।
मार्च में राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी की सांसद खुशबू ओली सहित अन्य लोग भी शामिल हुए। प्रतिभागियों ने सनातन हिंदू राष्ट्र की स्थापना की मांग को लेकर पैदल यात्रा की। आयोजकों के अनुसार पैदल मार्च मैती देवी मंदिर से शुरू होकर पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
धार्मिक व सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने और नेपाल को फिर सनातन हिंदू राष्ट्र बनाने की मांग को लेकर आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई। मार्च के दौरान प्रतिभागियों ने सनातन धर्म, संस्कृति और धार्मिक पहचान से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।