खुनुवां। नेपाल के कपिलवस्तु जिले में सीमा शुल्क चोरी कर भारत से लाए गए 14.12 लाख रुपये मूल्य के चावल, चीनी और दाल पुलिस ने बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक पिकअप जब्त कर अल्ताफ हुसैन मनियार को हिरासत में लिया गया है।
लुंबिनी प्रदेश पुलिस कार्यालय, दांग और संबंधित पुलिस कार्यालयों की टीम ने जिले में दो स्थानों पर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, कृष्णनगर नगरपालिका-2 स्थित बैंक रोड से 11.60 लाख रुपये मूल्य के 32 क्विंटल चावल और एक पिकअप वाहन बरामद किया गया।
वहीं, शिवराज नगरपालिका-5 के चंद्रौटा स्थित नदिना राइस मिल के गोदाम से 2.52 लाख रुपये मूल्य की 24 क्विंटल चीनी और पांच बोरी दाल जब्त की गई। पुलिस ने बरामद खाद्यान्न और पिकअप वाहन के साथ हिरासत में लिए गए अल्ताफ हुसैन मनियार को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस कार्यालय को सौंप दिया है।