- एनसीईआरटी आधारित गतिविधि शिक्षण और निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों पर दिया गया जोर
शोहरतगढ़। ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) सभागार में बुधवार को पांच दिवसीय फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमैरेसी (एफएलएन) प्रथम चरण के प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण में 50 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। पंजीकरण और परिचय सत्र के साथ प्रशिक्षण की शुरुआत हुई।
प्रशिक्षण के पहले दिन प्रशिक्षक तेजेंद्र प्रताप चौधरी, प्रवीण कुमार यादव, रॉबिन चांदी और आनंद प्रकाश गौड़ ने एनसीईआरटी की नई पाठ्य पुस्तकों पर आधारित भाषा और गणित शिक्षण की जानकारी दी। उन्होंने कक्षा में गतिविधि आधारित शिक्षण, नई पुस्तकों के प्रभावी उपयोग तथा बुनियादी साक्षरता और संख्यानात्मक दक्षता (एफएलएन) के लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से प्राप्त करने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की।
प्रशिक्षकों ने शिक्षकों को प्रशिक्षण में प्राप्त नवाचारों और नई शिक्षण विधियों को विद्यालय स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के उपाय भी बताए। खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में गुणात्मक सुधार लाना है। उन्होंने कहा कि मूलभूत साक्षरता और संख्यानात्मक ज्ञान को मजबूत बनाकर निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों को प्रत्येक विद्यालय में प्रभावी ढंग से लागू करना जरूरी है।
प्रशिक्षण के दौरान अनुभव श्रीवास्तव, सिद्धार्थ कुमार, विनोद कुमार सिंह, प्रेमचंद सरोज, संजय कुमार, चंद्रेश सिंह सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।