बांसी कस्बे में कोतवाली पर पर मोबाइल की दुकान में लगी आग। संवाद
- पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा, आसपास की दुकानों तक पहुंच सकती थी आग
बांसी। कोतवाली रोड स्थित सिद्दीकी मोबाइल शॉप में बृहस्पतिवार देर रात करीब 12:30 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे दुकान में रखा मोबाइल और अन्य सामान जलकर राख हो गया। दुकान मालिक ने करीब पांच लाख रुपये की क्षति होने की संभावना जताई है। गश्त कर रही पुलिस की तत्परता से समय रहते दुकानदार को सूचना मिल गई। इससे आसपास की दुकानों तक आग फैलने से बच गई।
जानकारी के अनुसार, रात में गश्त कर रही पुलिस की नजर सिद्दीकी मोबाइल शॉप से उठ रहे धुएं और आग की लपटों पर पड़ी। पुलिस ने तत्काल दुकान के शटर पर लिखे मोबाइल नंबर पर संपर्क कर मालिक को सूचना दी। जानकारी मिलते ही अक्सरा माफी गांव निवासी दुकान मालिक आसिफ सिद्दीकी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकान का शटर खोलने का प्रयास किया, लेकिन करंट लगने से पीछे हट गए। इसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कराई गई और शटर खोला गया।
आग की सूचना पर आसपास के दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा सारा सामान जल चुका था। दुकान मालिक आसिफ सिद्दीकी के अनुसार, आग से करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।