कृषि विभाग के कर्मचारी को मोबाइल पर धमकी देने का आरोप, जिला कृषि अधिकारी ने दर्ज कराई रिपोर्ट
सिद्धार्थनगर। उर्वरक दुकानों की जांच रोकने और कृषि विभाग के कर्मचारी को मोबाइल पर धमकी देने के आरोप में जिला कृषि अधिकारी ने मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के एक फुटकर उर्वरक विक्रेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोपी पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और अधिकारियों के प्रति अपशब्दों का प्रयोग करने का भी आरोप है।
जिला कृषि अधिकारी रवि शंकर पांडेय की ओर से मिश्रौलिया पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, किसानों को नियमानुसार उर्वरक उपलब्ध कराने के साथ ओवररेटिंग, टैगिंग, कालाबाजारी और तस्करी रोकने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर कृषि विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसी क्रम में मिश्रौलिया क्षेत्र में असिस्टेंट टेक्निकल मैनेजर (एटीएम) अरविंद कुमार को उर्वरक दुकानों के निरीक्षण और जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आरोप है कि उर्वरक फुटकर विक्रेता वेलफेयर एसोसिएशन के कथित अध्यक्ष आदर्श कुमार श्रीवास्तव ने 16 अक्तूबर 2026 को मोबाइल फोन पर एटीएम अरविंद कुमार को धमकी दी। साथ ही क्षेत्र में उर्वरक दुकानों की जांच रोकने और उच्चाधिकारियों के प्रति अपशब्दों का प्रयोग करने का भी आरोप लगाया गया है।
जिला कृषि अधिकारी ने तहरीर में आरोप लगाया कि संबंधित विक्रेता पहले भी सरकारी कार्यों में बाधा डालने का प्रयास करता रहा है। जिलाधिकारी की अनुमति के बाद आरोपी के खिलाफ मिश्रौलिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
मिश्रौलिया थानाध्यक्ष रामदेव ने बताया कि जिला कृषि अधिकारी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।