शोहरतगढ़। स्थानीय कस्बे के पुलिस बूथ के पास बृहस्पतिवार रात लगभग नौ बजे जमीन के विवाद और पैसे के लेन-देन में अनूप कसौधन और सोनू निगम में जमकर मारपीट हुई। खूब लात-घूंसे चले। दोनों पक्षों से लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस ने अनूप कसौधन और सोनू निगम समेत दोनों पक्षों से सात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर चालान कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस बूथ के पास बृहस्पतिवार की देर रात कस्बा निवासी अनूप कसौधन और सोनू निगम के बीच पैसे का लेनदेन, जमीन के विवाद को लेकर कहासुनी होने लगी। मामला इतना बढ़ गया कि हाथापाई की नौबत आ गई। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। हालांकि इसमें कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है। अनूप कसौधन ने आरोप लगाते हुए कहा कि सोनू निगम का भाई पंकज निगम उधार का पैसा मांगने लगा। मैंने बाद में देने की बात कही तो वह विवाद पर उतारू हो गया। ्र दूसरे पक्ष के सोनू निगम ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत के एक स्वर्णकार से काफी दिनों से जमीन का विवाद चल रहा है। इसी रंजिश को लेकर गोलबंद होकर उसे और उसके भाई को मारापीटा है।
थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह ने कहा कि पैसे के लेन-देन और जमीन विवाद के मामले में तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।