भारतभारी। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के ढेमुआ उर्फ ढेबरुआ गांव में खेत की जुताई को लेकर हुए विवाद में मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है। पीड़ित रुस्तम अली ने थाना डुमरियागंज में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 12 दिसंबर को वह अपने खेत की जाेताई करवा रहा था। इसी दौरान गांव के ही जमाल, निसार, अमाल व आमिर मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जोताई करने से मना करने लगे। विरोध करने पर आरोपी एकजुट होकर लाठी-डंडों से मारपीट करने लगे। इस हमले में पीड़ित के चाचा समीउल्लाह को गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। घायल समीउल्लाह को हालत गंभीर होने पर बस्ती में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।