- खाद नहीं मिलने से पिछड़ रही गेहूं की बुवाई, बाॅर्डर पर एसएसबी के जवान प्रतिदिन पकड़ रहे खाद की तस्करी के मामले
सिद्धार्थनगर। जिले में खाद की किल्लत होने के बाद भी बाॅर्डर पर खाद की तस्करी नहीं थम रही है। इससे जिले के किसानों जहां फसल बोने के लिए परेशान हैं, वहीं तस्करी करने वाले मालामाल हो रहे हैं। बाॅर्डर पर हो रही खाद की तस्करी को रोकने के लिए प्रयास भी नाकाम हो रहे हैं और तस्कर बाॅर्डर उस पार पहुंच जा रहे हैं।
वर्तमान समय में जिले में लगभग 70 प्रतिशत धान की कटाई हो गई है। इससे किसान अब गेंहू की फसल का बुवाई शुरू कर दी है। लेकिन किसानों को डीएपी व यूरिया नहीं मिल पा रहा है, जिससे वह सुबह से लेकर शाम तक सोसाइटी व निजी दुकानों पर लाइन लगाकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। किसानों को खाद नहीं मिलने से जहां परेशानी बढ़ी है, वहीं तस्कर मालामाल हो रहे हैं।
20 बोरी उर्वरक के साथ चार गिरफ्तार
सोमवार को 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल सीमा चौकी कोटिया और पुलिस की संयुक्त विशेष गश्ती दल ने 20 बोरी उर्वरक, एक ई- रिक्शा और तीन मोटरसाइकिल के साथ चार व्यक्तियों को तस्करी करते पकड़ा है। एसएसबी को सूचना मिली कि गणेशपुर कोटिया के रास्ते सीमा स्तंभ संख्या 561 के करीब से खाद की तस्करी होने वाली है। सूचना के आधार पर सीमा चौकी कोटिया और पुलिस की संयुक्त विशेष गश्ती दल की ओर से चिह्नित स्थान के लिए रवाना हुई और कुछ देर बाद देखा कि एक ई- रिक्शा, उर्वरक को लेकर सीमा स्तंभ के मध्य से नेपाल की ओर जा रहा है। संदेह के आधार पर उस ई-रिक्शा चालक को रोककर उससे पूछताछ की गई और उर्वरक से संबंधित कागजात मांगे गए तो वह कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सके। भारत से नेपाल तस्करी के लिए ले जा रहे चार बोरी यूरिया, चार बोरी सुपर फॉस्फेट खाद और तीन मोटरसाइकिल के साथ तीन व्यक्तियों को पकड़ लिया। गश्ती दल ने 10 बोरी यूरिया, 10 बोरी सुपर खाद, एक ई- रिक्शा और तीन मोटरसाइकिल को जब्त कर चारों व्यक्तियों को पुलिस चौकी कोटिया के सुपुर्द कर दिया है।
-
डीएम ने किया समिति का निरीक्षण
सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने लोटन ब्लॉक के बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति मुड़िला अदाई का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टाॅक रजिस्टर और वितरण रजिस्टर का मिलान किया। वितरण के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने गोदाम को भी देखा और किसानों से वार्ता भी की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि किसानों को निर्धारित दर पर खाद का वितरण कराएं। संवाद