बेल्टीकर और सोहांस सुमाली सहकारी समितियां बंद होने से बढ़ी परेशानी, बोआई के लिए खाद लेने पहुंचे किसान लौटे
महदेवा बाजार। तहसील नौगढ़ क्षेत्र के महदेवा बाजार में बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समितियों के बंद होने से किसान डीएपी खाद के लिए परेशान हैं। बेल्टीकर और सोहांस सुमाली स्थित समितियों पर ताला लटकने से खाद लेने पहुंचे किसानों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। बोआई के लिए खाद की जरूरत के बीच समितियां बंद होने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है।
समिति पर डीएपी लेने पहुंचे किसान उमेश यादव ने बताया कि वह सुबह से खाद मिलने की उम्मीद में आए थे, लेकिन समिति नहीं खुली। ऐसे में उन्हें खाद नहीं मिल सकी। किसान दिलीप कुमार ने बताया कि वह बोआई के लिए डीएपी लेने आए थे, लेकिन समिति बंद होने के कारण उन्हें बिना खाद लिए ही घर लौटना पड़ रहा है।
इस संबंध में सहायक आयुक्त व सहायक निबंधक सहकारिता प्रकाश बहादुर गौतम ने बताया कि स्थायी वेतन की मांग को लेकर प्रदेशभर के सहकारी समितियों के सचिव अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इसके चलते समितियों का कामकाज प्रभावित हो रहा है।