हर घर तिरंगा के संदेश से गूंजा चौखड़ा गांव
शाहपुर। राजकीय महाविद्यालय चौखड़ा, (डुमरियागंज) में शुक्रवार को हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत प्रभात फेरी निकाली गई। इसमें महाविद्यालय के समस्त स्टाफ के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साह और हर्षोल्लास के साथ प्रतिभाग किया। प्रभात फेरी के दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर क्षेत्रवासियों को राष्ट्रध्वज के महत्व और उसके ऐतिहासिक पहलुओं से अवगत कराया।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्रध्वज के आदर्शों को आत्मसात करने और देश की एकता और अखंडता के प्रति सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया। इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमरनाथ, अजय कुमार, कार्यक्रम प्रभारी डॉ. मालिक राम वर्मा, डॉ. शफीकुर्रहमान, कार्यालय अधीक्षक महेश कुमार गुप्त, अमित कुमार पांडेय सहित महाविद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।