इटवा। थाना क्षेत्र के गंगवार गांव में पारिवारिक विवाद को लेकर पिता-पुत्र और पुत्रवधू ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। दोनों पक्षों ने गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने और तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है।
गांव निवासी हनुमंत पाठक ने शनिवार को अपने बेटे पंकज पाठक और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी। आरोप है कि पंकज दो साथियों के साथ बोलेरो से पहुंचे और उनके, उनकी पत्नी, देवरानी और भाइयों के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की।
विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी और घर के सामने लगी सीमेंट की शेड तोड़ दी।
वहीं, पंकज पाठक की पत्नी राधिका पाठक ने अपने श्वसुर हनुमंत पाठक, सास विमला देवी समेत पांच अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर दी। आरोप है कि दरवाजे पर किराये के वाहन को घुमाकर ले जाने के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी और वाहन क्षतिग्रस्त कर दिया। थानाध्यक्ष अनिल कुमार दुबे ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।