सिद्धार्थनगर। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत एक नवंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू होगी। इस बार किसानों को पंजीकरण की प्रक्रिया में राहत मिलेगी। फार्मर आईडी बनवा चुके किसानों का विवरण आधार नंबर दर्ज करते ही खाद्य विभाग के पोर्टल पर स्वत: उपलब्ध हो जाएगा। इससे उन्हें दोबारा सत्यापन कराने की जरूरत नहीं होगी।
इसके साथ धान के साथ मक्का, ज्वार और बाजरा बेचने के लिए भी किसानों को अलग-अलग पंजीकरण नहीं कराना पड़ेगा। एक ही पंजीकरण में चारों फसलों की भूमि का विवरण जोड़ने की व्यवस्था की गई है।
जिले में 72 हजार मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। किसानों से धान खरीदने के लिए 73 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। खरीद 28 फरवरी 2027 तक चलेगी।
इससे किसानों को बार-बार पंजीकरण और सत्यापन की प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। कॉमन धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये और ग्रेड-ए धान का 2,461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। विभाग की ओर से खरीद और भुगतान की प्रक्रिया को सुचारु बनाने की तैयारी की जा रही है।
तहसीलवार बनाए गए क्रय केंद्र : जिले में तहसीलवार क्रय केंद्रों की व्यवस्था की गई है। नौगढ़ तहसील में 21, बांसी में 16, डुमरियागंज में 13, इटवा में 12 और शोहरतगढ़ में 11 क्रय केंद्र बनाए गए हैं।