ढेबरुआ क्षेत्र के ग्राम खैरी शीतल प्रसाद के नकोलडीह टोले में मृतक के घर पर मौजूद ग्रामीण। संवाद
- बलरामपुर के गौरा चौराहा थाना क्षेत्र में हुआ हादसा, तीन घायलों की हालत गंभीर
तुलसियापुर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के खैरी शीतल प्रसाद गांव से परवल का बीज लेने बहराइच जा रहे किसानों की पिकअप बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे बलरामपुर जिले के गौरा चौराहा थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में एक किसान की मौत हो गई, जबकि चालक समेत सात लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनका जिला मुख्यालय पर उपचार चल रहा है।
हादसे में खैरी शीतल प्रसाद गांव के नकोलडीह टोले निवासी पितरे (55) पुत्र मोतीलाल की मौत हो गई। वहीं, चिरगहना टोले के चैतू (58) पुत्र जंगली और पिकअप चालक अब्दुल्लाह (35) पुत्र मो. आसिफ समेत सात लोग घायल हो गए। घायलों में राम बहादुर (48), हरि नारायण (37), राम प्रसाद (60), हरिराम (37) और सत्य नारायण (38) भी शामिल हैं।
बताया गया कि गांव के सात किसान बृहस्पतिवार रात पिकअप से परवल का बीज लेने बहराइच जा रहे थे। रास्ते में गौरा चौराहा थाना क्षेत्र के पास पिकअप अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
परिजन के अनुसार, मृतक पितरे के तीन पुत्र हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार में शोक छा गया। गौरा चौराहा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।