- भारत और नेपाल के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालु, बानगंगा नदी में स्नान कर किया दान-पुण्य
- रातभर चला भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान, सुरक्षा के लिए तैनात रही पुलिस
खुनुवां। सीमा से सटे नेपाल के कपिलवस्तु जिले में कार्तिक शुक्ल पूर्णिमा पर मंगलवार को 19 स्थानों पर पारंपरिक मेले लगे। बानगंगा नदी के रामघाट पर श्रद्धालुओं का सबसे अधिक जमावड़ा रहा। यहां 10 हजार से अधिक लोगों ने नदी में स्नान कर पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया।
भारत और नेपाल के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते रामघाट पर दिनभर धार्मिक माहौल बना रहा। मेला प्रबंधन समिति के अनुसार, पिछले वर्ष की तुलना में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हुई है।
जिले में रामघाट, लक्ष्मणघाट, मनोहरापुर, बरगदीघाट, कजरहवा, बेलसापुर, पसोहिया पुल, ककरहवा घाट, समेरीघाट, सुरही खोला, शंकरपुर नहर, महदेवाघाट, चौरगहवा, चरगहवा, महदेवा तुलसीपुर, गैगाड़ी और तिर्खीखी सहित 19 स्थानों पर मेलों का आयोजन हुआ। इनमें स्थानीय लोगों के अलावा भारत और नेपाल के अलग-अलग क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचे।
रामघाट मेले में भारत के शोहरतगढ़, तुलसीपुर और अलीगढ़वा के साथ नेपाल के दांग, रुपनदेही और अर्घाखांची से बड़ी संख्या में लोग आए। कई श्रद्धालु सोमवार रात से ही घाट पर पहुंचने लगे थे। उन्होंने रातभर जागरण कर भजन-कीर्तन, धार्मिक प्रवचन और भागवत पाठ किया। मंगलवार सुबह बानगंगा नदी में स्नान के बाद राम-जानकी मंदिर में पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने गो-पूजा और गो-दान के साथ अन्न सहित अन्य वस्तुओं का दान किया।
धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र नदी में स्नान और पूजा करने से पापों का नाश और पुण्य की प्राप्ति होती है। स्थानीय बुजुर्गों के अनुसार, त्रेतायुग में वनवास के दौरान भगवान राम को प्यास लगने पर अर्जुन ने बाण चलाकर धरती से जलधारा निकाली थी। भगवान राम ने इसी जल को ग्रहण किया था। इसी मान्यता के आधार पर इस स्थान का नाम रामघाट और नदी का नाम बानगंगा पड़ा।
यशोधरा गांवपालिका के भडेहर निवासी बुजुर्ग पुजारी राम गिरी ने बताया कि बानगंगा में स्नान और गौदान का विशेष महत्व है। धार्मिक विश्वास के अनुसार, यहां स्नान कर गाय और अन्न का दान करने से वैतरणी पार करने का फल मिलता है। उन्होंने बताया कि रामघाट में कार्तिक पूर्णिमा पर मेला लगने की परंपरा उनके पूर्वजों के समय से चली आ रही है।
कपिलवस्तु नगरपालिका-3 सड़वा निवासी मोहन शुक्ला ने बताया कि उनका परिवार कई पीढ़ियों से कार्तिक पूर्णिमा पर रामघाट में स्नान और दान करता आ रहा है। पूर्वजों की परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए वह हर साल यहां पहुंचते हैं।
वार्ड अध्यक्ष प्रकाश गैरे ने बताया कि मेले में भारत और नेपाल के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में साधु-संत और श्रद्धालु पहुंचे। कपिलवस्तु नगरपालिका के मेयर सुदीप पौडेल ने कहा कि रामघाट मेले को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर जिले की 10 में से सात स्थानीय निकायों ने सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया था।
मेले में उमड़ी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।