तुलसियापुर। संगम नगरी प्रयागराज में लगने वाले माघ मेले के लिए बढ़नी से झूंसी तक सप्ताह में चार दिन मेला स्पेशल ट्रेन की शुरुआत रविवार से कर दी गई। ट्रेन के चलने पर लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
बढ़नी-पुणे-बढ़नी एक्सप्रेस गाड़ी को नियमित चलाने की मांग करते हुए क्षेत्रीय लोगों ने गोरखपुर से कानपुर अनवरगंज तक चलने वाली चौरीचौरा एक्सप्रेस को बढ़नी तक संचालित करने की मांग भी की है, जिससे लोगों को यात्रा करने में सहूलियत मिल सके।
प्रयागराज में विश्व का सबसे बड़ा महापर्व माघ मेला-2026 में लगने जा रहा है। इस दौरान क्षेत्रीय श्रद्धालुओं के अलावा नेपाल और बलरामपुर जिले के श्रद्धालुओं को भी भीषण ठंड के मौसम में प्रयागराज तक जाने की चिंता सता रही थी। क्षेत्रीय जनता द्वारा माघ मेले में जाने के लिए गोरखपुर से प्रयागराज तक जाने के लिए मेला स्पेशल ट्रेन की मांग लगातार उठाई जा रही थी, जिसके बाद रेलवे ने 05121/05122 झूंसी-बढ़नी-झूंसी माघ मेला स्पेशल ट्रेन का संचालन रविवार से शुरू कर दिया।
क्षेत्र के हरगोविंद मिश्र, देवेंद्र यादव, अजय वरुण, राहुल शुक्ल,अनिल निषाद, धनंजय पाठक, आशाराम यादव, संत प्रसाद, शेषराम गुप्ता आदि ने बताया कि माघ मेला एक प्रमुख धार्मिक आयोजन है, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान एवं धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेने के लिए प्रयागराज पहुंचते हैं। इस दौरान बढ़नी रेलवे स्टेशन से भी बड़ी संख्या में यात्री प्रयागराज जाने के इच्छुक रहते हैं।
उन्होंने कहा कि माघ महीने के दौरान स्पेशल ट्रेन चलाए जाने से यात्रियों को न केवल सुविधा मिलेगी बल्कि यात्रा सुगम और सुरक्षित भी हो सकेगी। इसके अलावा क्षेत्रीय लोगों ने 11037/11038 बढ़नी-पुणे-बढ़नी वाया वाराणसी-प्रयागराज साप्ताहिक ट्रेन को नियमित करने की भी मांग करते हुए गोरखपुर से कानपुर अनवरगंज तक चलने वाली चौरीचौरा एक्सप्रेस को बढ़नी तक संचालित करने की मांग को भी दोहराई है।