बांसी। मौसम का मिजाज बदलते ही बांसी में लगे माघ मेले की रौनक बढ़ गई है। सोमवार को सुबह से ही धूप निकलने से मेले में भीड़ बढ़ गई है। बीते सोमवार को प्रशासनिक अनुमति मिलने के बाद मेले का विधिवत शुभारंभ किया गया था।
मौसम खराब होने के कारण मेले में लोगों की आवक काफी कम थी। सोमवार को सुबह से ही धूप निकलने से मेले में काफी भीड़ देखने को मिली। मेले में आने वाले सभी रास्तों पर काफी भीड़-भाड़ रही। आवागमन में लोगों की किसी तरह की दुश्वारी न हो, इसके लिए मेला चौकी प्रभारी जगदीश सिंह काफी सक्रिय दिखे। मेले में चप्पे- चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात रहे जो लोगों को सुरक्षा का एहसास दिला रहे थे। सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई थी, जिससे मेला अवधि में बड़े वाहन अंदर न आ सकें।
भा रहीं फिरोजाबाद की चूड़ियां और जयपुर के कंगन: मेले में आने वाली महिलाएं शृंगार से लेकर घरेलू उपयोग के सामान की खरीदारी खूब कर रही हैं। इन्हें फिरोजाबाद की चूड़ियों के साथ-साथ जयपुर और मुंबई के कंगन काफी भा रहे हैं। इसके अलावा मुंबई, लखनऊ कानपुर, मुरादाबाद, शाहजहांपुर, सहारनपुर, सीतापुर, बहराइच, दिल्ली, बिहार से आई दुकानों से किचन, घरेलू उपयोग और घर के साज-सज्जा का सामान खरीद रही है।