मेडिकल कॉलेज के एमसीएच बिंग में स्थित आईसीयू वार्ड। संवाद
सिद्धार्थनगर। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज परिसर में स्थित महिला अस्पताल के पीडियाट्रिक यूनिट जल्द ही अस्तित्व में आ जाएगा। इसके शुरु होने से निमोनिया, बुखार और अन्य गंभीर रोग से ग्रसित होने वाले बच्चों के इलाज में सहूलियत मिलेगी। अभी तक 20 बेड का वार्ड संचालित हो रहा है।
माना जा रहा है कि इस बार की ठंड में बेड की किल्लत दूर हो जाएगी। एक साथ 32 बेड का वार्ड शुरू हो जाएगा। जांच में खामियां मिलने के बाद टीम ने हैंडओवर रोक दिया था। इसके पूरा होते ही मिल जाएगा।
जिला अस्पताल के माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में तब्दील होने के बाद सुविधाओं में इजाफा किया जा रहा है, जिससे मरीजों को इलाज में सहूलियत मिल सके। मरीजों की संख्या में दो गुना से अधिक इजाफा हो गया है। सुविधाओं के बढ़ने के क्रम में बच्चों के इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज परिसर में स्थित महिला अस्पताल में लगभग तीन साल पहले 32 बेड के पीडियाट्रिक यूनिट बनाने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। इसमें आठ विशेष चिकित्सा, चार आईसीयू और 20 सामान्य बेड की स्वीकृति के बाद काम तो शुरू हुआ, लेकिन शिथिलता के कारण काम अब जाकर पूरा हुआ। काम पूरा होने के बाद बनाने वाली एजेंसी ने हैंडओवर के लिए पत्राचार किया। टीम की जांच में मानक की कमी पाई गई थी, जिसे पूरा करने के लिए कहा गया है। सीएमएस डॉ. एके झा ने बताया कि जो कमियां मिली थीं, उन्हें पूरा किया जा रहा है। जल्द ही वार्ड शुरु हो जाएगा। इससे इलाज में बड़ी सुविधा मिलेगी।