भवानीगंज। एसआईआर कार्य में नो मैपिंग वाले वोटरों को जारी नोटिस की सुनवाई बूथवार बीएलओ और एईआरओ की देखरेख में हो रही है। डुमरियागंज एसडीएम राजेश कुमार ने निर्देश दिए कि नो मैपिंग वाले मतदाताओं को जारी नोटिस की सुनवाई कार्य में एईआरओ और बीएलओ तेजी लाएं। एसआईआर आगामी 27 फरवरी तक चलेगा। इस कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वोटरों की नोटिस की सुनवाई कर त्वरित निस्तारण किया जाए।
निर्वाचन आयोग की तरफ से चलाए जा रहे विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण एसआईआर कार्य आगामी 27 फरवरी तक चलेगा। एसडीएम ने बताया कि अब तक 60 फीसदी नोटिस की सुनवाई कर उनका निस्तारण किया जा चुका है। बताया कि जिन वोटर को नो मैपिंग के चलते नोटिस जारी की गई है। वह चिंतित न हो और वे आवश्यक औपचारिकता पूर्ण कर नोटिस का निस्तारण कराए। एसडीएम ने बताया कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची में वोटर का स्वयं, माता-पिता का नाम अंकित होने पर उसकी छाया प्रति लगा सकते हैं। साथ में आधार कार्ड या परिवार रजिस्टर की छाया प्रति, हाईस्कूल के अंक की छाया प्रति, जन्म प्रमाण पत्र लगाकर नोटिस का समाधान करा सकते हैं।