- शाहपुर पुरानी बाजार की रामलीला में सातवें दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
शाहपुर। श्रीरामलीला समिति शाहपुर पुरानी बाजार के तत्वावधान में चल रही ऐतिहासिक रामलीला के सातवें दिन शनिवार रात शबरी प्रसंग, सुग्रीव मित्रता, बालि वध और लंका दहन की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। इसे देखने के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।
मंचन में दिखाया गया कि माता शबरी प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण को प्रेमपूर्वक बेर खिलाती हैं। इसके बाद हनुमान के माध्यम से श्रीराम और सुग्रीव की मित्रता तथा बालि वध का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। आगे जामवंत के स्मरण कराने पर हनुमान समुद्र लांघकर लंका पहुंचते हैं और अशोक वाटिका में माता सीता से मिलते हैं।
इसके बाद अक्षय कुमार वध, मेघनाद द्वारा हनुमान को बंदी बनाकर रावण के दरबार में ले जाने और उनकी पूंछ में आग लगाने के प्रसंग का मंचन हुआ। अंत में हनुमान ने लंका दहन किया। इस दृश्य पर पूरा पंडाल जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष मुकेश अग्रहरि, तिलक राम सहानी, अशोक जायसवाल, मनीष अग्रहरि, बिक्की मोदनवाल और प्रेम अग्रहरि समेत अन्य लोग मौजूद रहे।