- बीएलओ और क्रॉप सर्वे कार्य से मुक्ति की मांग की
भनवापुर। ग्राम रोजगार सेवक पंचायत मित्र वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले रोजगार सेवकों ने सोमवार को बीडीओ और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पहले भनवापुर डॉ. विनोद मणि त्रिपाठी को पत्रक देने के बाद डुमरियागंज तहसील में एसडीएम को ज्ञापन दिया। इसके जरिये मांग की गई कि ग्राम रोजगार सेवकों से बीएलओ व क्रॉप सर्वे जैसे कार्य न लिया जाए, क्योंकि यह शासनादेश के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि रोजगार सेवकों को लगातार निर्वाचन कार्यों और क्रॉप सर्वे में लगाया जा रहा है व अधिकारियों और ग्राम प्रधानों की ओर से उत्पीड़न भी हो रहा है। अभी बर्डपुर ब्लॉक के ग्राम महादेवा की रोजगार सेविका पर मतदाता सूची से नाम काटने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई और सेवा समाप्ति की कार्रवाई शुरू की गई है। संगठन ने इसे निराधार बताते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की। कहा कि क्रॉप सर्वे लेखपाल का कार्यक्षेत्र है, लेकिन इसे जबरन रोजगार सेवकों पर थोपा जा रहा है। यदि इसमें त्रुटि हो जाती है तो उन पर कार्रवाई कर दी जाती है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 25 अगस्त से भनवापुर में सभी कार्यों का अनिश्चितकालीन बहिष्कार किया जाएगा। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस दौरान राजकुमार चौधरी, अजय यादव, सतीश शुक्ला, प्रभुनाथ यादव, संगीता देवी, अशोक कुमार, जोखू मौर्य आदि मौजूद रहे।