उसका बाजार। थाना क्षेत्र के ग्राम पकड़ी के सिवान में शुक्रवार देर शाम कंबाइन मशीन से धान की फसल कटवाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इसमें मारपीट के दाैरान बीचबचाव करने पहुंचे ग्राम दुमदुमवा निवासी दयाराम लोधी (71) को भी हमलावरों ने पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर एएसपी प्रशांत कुमार समेत पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। बताया जा रहा है कि ग्राम पकड़ी के सिवान में एक व्यक्ति की धान की फसल की कटाई कंबाइन मशीन से हो रही थी।
इसी दौरान गांव के कुछ लोग अपनी फसल पहले कटवाने के लिए पहुंचे और कंबाइन चालक पर दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर उन्होंने चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। मौके पर मौजूद दुमदुमवा निवासी दयाराम लोधी ने बीचबचाव का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। मारपीट में उनके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
परिजन घायल दयाराम को जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजन ने चार लोगों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। एएसपी प्रशांत कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।