फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Siddharthnagar News: आठ साल का इंतजार खत्म, परसा स्टेशन से हाईवे तक सड़क निर्माण शुरू

Tue, 04 Aug 2026 11:26 PM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर
विज्ञापन
परसा स्टेशन गांव से परसा रेलवे क्रासिंग तक के मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य के शुरू। संव
विज्ञापन
- 4.24 करोड़ रुपये से 1.45 किमी मार्ग का होगा चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण
विज्ञापन

- रेलवे स्टेशन, आनंदपुर धाम और नेपाल सीमा से जुड़े गांवों को मिलेगी राहत
तुलसियापुर। बढ़नी ब्लॉक के परसा स्टेशन गांव से परसा रेलवे क्रॉसिंग होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग तक जाने वाले जर्जर मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू हो गया है। 4.24 करोड़ रुपये की लागत से त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत बनने वाली 1.45 किलोमीटर लंबी सड़क से एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही आनंदपुर धाम आने वाले श्रद्धालुओं और नेपाल सीमा की ओर जाने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी।
परसा स्टेशन से रेलवे क्रॉसिंग तक का मार्ग वर्षों से बदहाल था। इसके कारण परसा, आखेरहिया, सहिनवारे, इमिलिया, चंदवा, बोहली, चंदई, लोहटी, खरिकौरा समेत आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही थी। बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और खराब हो जाती थी, जिससे रेलवे स्टेशन तक पहुंचना भी मुश्किल हो जाता था।
विज्ञापन

करीब आठ वर्ष पहले इस मार्ग को प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में शामिल किया गया था लेकिन बाद में सड़क का निर्माण दूसरे रूट पर करा दिया गया। इसके बाद रेलवे ने सिसवा रेलवे क्रॉसिंग भी बंद कर दी, जिससे परसा क्षेत्र के लोगों की दिक्कत और बढ़ गई। ग्रामीण लगातार सड़क निर्माण की मांग करते रहे। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भी यह मुद्दा प्रमुखता से उठा था।
शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा के प्रस्ताव पर शासन ने बढ़नी स्थित मिनी औद्योगिक केंद्र से राष्ट्रीय राजमार्ग तक 1.45 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए 4.24 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी। वर्तमान में ठेकेदार की ओर से मिट्टी भराई का कार्य पूरा कर लिया गया है और निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि परसा रेलवे स्टेशन क्षेत्र के लोगों के लिए प्रमुख रेलवे स्टेशन है। आसपास के दर्जनों गांवों के लोग यहीं से ट्रेन पकड़ते हैं। यही मार्ग लोहटी के रास्ते नेपाल की ओर भी जाता है। सड़क बनने से यात्रियों, विद्यार्थियों, किसानों और व्यापारियों सभी को लाभ मिलेगा।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अरुण कुमार सिंह ने बताया कि 1.45 किलोमीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू हो चुका है और इसे निर्धारित समय में पूरा कराया जाएगा।
-
बोले लोग
एनएच से परसा गांव तक सड़क काफी खराब थी। नई सड़क बनने से ग्रामीणों, रेल यात्रियों और स्कूली बच्चों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही हाईवे की भीड़भाड़ से भी बचाव होगा।
विज्ञापन

- विशाल प्रताप सिंह, परसा स्टेशन
इस मार्ग से क्षेत्र के लोगों के अलावा नेपाल के ग्रामीण इलाकों के लोग भी आते-जाते हैं। सड़क बनने से आवागमन आसान होगा और पूरे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
- मनीष श्रीवास्तव, परसा स्टेशन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें