शोहरतगढ़। शिवपति इंटर कॉलेज में शिक्षकों की कमी के कारण 2600 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कॉलेज में शिक्षक और प्रवक्ता के कुल 65 पद स्वीकृत हैं जबकि वर्तमान में 48 शिक्षक ही तैनात हैं। 17 पद रिक्त होने के कारण कई विषयों की नियमित कक्षाएं संचालित नहीं हो पा रही हैं। बोर्ड परीक्षा नजदीक होने से विद्यार्थियों की चिंता भी बढ़ गई है।
शिवपति इंटर कॉलेज क्षेत्र का पुराना शिक्षण संस्थान है। नेपाल सीमा से सटे होने के कारण यहां आसपास के जिलों के साथ नेपाल से भी विद्यार्थी पढ़ने आते हैं। कॉलेज के रिकॉर्ड के अनुसार वर्तमान में करीब 2600 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
कॉलेज में वर्तमान में अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, उर्दू, अंग्रेजी, रसायन विज्ञान के दो पद, भूगोल और भौतिक विज्ञान के दो पद रिक्त हैं। इन विषयों के शिक्षक नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई विद्यार्थी मोबाइल और अन्य माध्यमों से पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, दो वर्ष पहले विभिन्न विषयों में रिक्त पदों पर शिक्षकों का चयन हुआ था। इसके बाद भी कई पद खाली हैं। शिक्षकों की कमी के कारण पाठ्यक्रम पूरा कराने और विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की तैयारी कराने में दिक्कत हो रही है। विद्यार्थियों और अभिभावकों की ओर से भी शिक्षकों की तैनाती की मांग उठाई जाती रही है।
कॉलेज के प्रधानाचार्य विक्रम प्रसाद यादव ने बताया कि कॉलेज में शिक्षक और प्रवक्ता के कुल 65 पद हैं। दो वर्ष पहले और पिछले वर्ष कुछ शिक्षकों का चयन हुआ था। इसके बावजूद 17 पद अभी भी रिक्त हैं। विभिन्न विषयों में रिक्त पदों पर शिक्षकों के चयन की प्रक्रिया शुरू कराने के लिए विभाग को पत्र भेजा गया है। डीआईओएस अरुण कुमार ने बताया कि शिक्षकों की तैनाती के संबंध में समय-समय पर पत्राचार किया जाता है। शिक्षक उपलब्ध होते ही उनकी तैनाती की जाएगी।