- आधुनिक झालरों के बीच बरकरार है मिट्टी के दीयों का आकर्षण
- बच्चों के लिए धूतू और घंटी खरीदने की परंपरा भी निभा रहे लोग, पुश्तैनी कारोबार को मिल रहा सहारा
इटवा। आधुनिकता के दौर में बिजली की झालरों और रंग-बिरंगी मोमबत्तियों से घर सजाने का चलन बढ़ा है लेकिन दिवाली पर मिट्टी के दीये जलाने और बच्चों के लिए पारंपरिक खिलौने खरीदने की परंपरा आज भी कायम है। शुक्रवार को धनतेरस पर इटवा कस्बे में मिट्टी के बर्तनों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ रही। लोगों ने पूजा के लिए दीयों के साथ बच्चों के लिए धूतू और घंटी की भी खरीदारी की।
इटवा कस्बा निवासी आनंद छापड़िया ने बताया कि सनातन धर्म में दिवाली पर मिट्टी के दीयों में तेल डालकर जलाने की परंपरा पुरानी है। आज भले ही लोग घरों को बिजली की झालरों और मोमबत्तियों से सजाते हैं लेकिन मिट्टी के दीयों का महत्व कम नहीं हुआ है। इनसे आस्था और परंपरा जुड़ी है, जो आज भी लोगों को आकर्षित करती है।
विशुनपुर सैनी निवासी वेद प्रकाश दूबे ने बताया कि दिवाली पर मिट्टी के दीये जलाने की परंपरा आदिकाल से चली आ रही है। यह लोगों की आस्था से जुड़ी है। बच्चों के लिए मिट्टी के खिलौने खरीदना भी परंपरा का हिस्सा है। दिवाली की पूजा के दौरान बच्चे मिट्टी से बने धूतू और घंटी बजाते हैं।
वहीं, लोहटा निवासी रोहनी प्रजापति ने बताया कि आधुनिक दौर में अधिकांश युवा रोजगार के लिए बाहर चले गए हैं और दूसरे व्यवसायों से जुड़ गए हैं। इसके बावजूद कुछ परिवार आज भी पुश्तैनी मिट्टी के बर्तन बनाने के काम से जुड़े हैं। उनके बनाए मिट्टी के बर्तन घर से ही बिक जाते हैं, जबकि कुछ कारीगर प्रमुख बाजारों में दुकान लगाकर बिक्री करते हैं। दिवाली जैसे त्योहार इन परिवारों के पारंपरिक कारोबार को संबल देते हैं।