बढ़नी। मौसम में बदलाव के साथ बीमार लोगों की संख्या में तेजी से इजाफा होने लगा है। इसमें बुजुर्ग और बच्चे बीमारी की गिरफ्त में अधिक आ रहे हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी में शनिवार को रोगियों को संख्या अधिक देखी गई। विशेषज्ञ के मुताबिक मौसम में हो रहे लगातार बदलाव से लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है।
दिन में तेज धूप और रात में ठंडी हवाओं के कारण तापमान में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। इस कारण सर्दी-जुकाम, बुखार, खांसी, एलर्जी और वायरल संक्रमण जैसी बीमारियों के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी तैनात डॉक्टर ने बताया बदलते मौसम में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है, जिससे वायरस और बैक्टीरिया जल्दी असर करते हैं। डॉ. मरीजों को दवा देने के साथ ही बचाव की सलाह दे रहे हैं।
इलाज कराने के लिए पहुंचे बढ़नी के निवासी राम मिलन ने बताया कि हर घर में कोई न कोई सर्दी या बुखार से परेशान है। बच्चों को स्कूल भेजने में भी डर लग रहा है। वहीं, गृहिणी सीमा देवी ने कहा कि सुबह-शाम ठंड और दिन में गर्मी से बच्चों को बार-बार खांसी-जुकाम हो रहा है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी के डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने बताया कि इस समय सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। ठंडे पेय पदार्थों से परहेज करना चाहिए, गुनगुना पानी पीएं, और शरीर को ढककर रखना चाहिए। खानपान में फल, सब्जियों और प्रोटीन युक्त भोजन शामिल करना चाहिए।