सिद्धार्थनगर। जोगिया कोतवाली क्षेत्र के सूपा राजा चौराहे के पास रविवार रात सड़क हादसे में युवक की माैत हो गई। स्कूटी के सामने अचानक कुत्ता आ जाने से हादसा हुआ।
स्कूटी अनियंत्रित होकर कुत्ते से टकरा गई, जिसमें सवार दो युवक घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां से गंभीर हालत में एक युवक को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, दूसरे युवक की हालत ठीक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पिपरा पांडेय अटल नगर निवासी अजय साहनी (33) पुत्र दिनेश गांव के ही शिवरतन (35) के साथ रविवार को पीईटी देने अयोध्या गया था। परीक्षा देने के बाद दोनों स्कूटी से घर लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे जोगिया कोतवाली क्षेत्र के सूपा राजा चौराहे के पास अचानक सामने आए कुत्ते से स्कूटी टकरा गई और दोनों घायल हो गए।
हादसे के बाद दोनों को इलाज के लिए माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां से रात करीब तीन बजे अजय को गंभीर हालत में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जबकि शिवरतन की हालत ठीक है।