बांसी। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील कार्यालय सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान लमुई ताल के हलका लेखपाल राजाराम पर एक शिकायतकर्ता ने वरासत के मामले में पैसा मांगने का आरोप लगाया। इसके साथ ही संबंधित लेखपाल तहसील दिवस में बिना अनुमति के अनुपस्थित रहे। जिसे संज्ञान में लेकर डीएम ने लेखपाल राजाराम को निलंबित करने का एसडीएम निखिल चक्रवर्ती को निर्देश दिया।
डीएम ने निर्देश दिया कि भूमि से संबंधित विवाद मौके पर जाकर निरीक्षण कर निस्तारित कराएं। सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि तहसील समाधान दिवस में प्राप्त हो रही शिकायतों एवं आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का समय से एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता एवं विपक्षी दोनों के समक्ष जांच कर कार्रवाई की जाए।
कानूनगो एवं लेखपालों को निर्देश दिया कि भूमि संपत्ति रजिस्टर एवं भूमि विवाद रजिस्टर अवश्य बना लें। किसी भी विभाग का तहसील दिवस का कोई भी प्रकरण लंबित नहीं होना चाहिए। यदि किसी भी विभाग का प्रकरण लंबित पाया जाएगा तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
लेखपाल एवं कानूनगो मौके पर जाकर शिकायत के निस्तारण से पूर्व निरीक्षण कर उसके बाद की आख्या लगाएंगे। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। तहसील दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 48 मामले आए।