निर्माणधीन सेल्टेक्स कार्यालय।
- फोटो : Archive
सिद्धार्थनगर। शहर के अशोक मार्ग पर मंडलीय राज्यकर कार्यालय का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। करीब 8.41 करोड़ रुपये की लागत से तीन एकड़ भूमि पर बाउंड्रीवाल सहित दो मंजिला भवन बनाया जा रहा है।
भवन की छत पड़ चुकी है। अब प्लास्टर, फर्श और अन्य छोटे कार्य शेष हैं। नए भवन के तैयार होने से जिले के 16,920 पंजीकृत व्यापारियों समेत 50 हजार से अधिक व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
जिला सृजन के बाद से राज्यकर विभाग का कार्यालय शहर के सिविल लाइंस मोहल्ले में किराये के जर्जर भवन में संचालित हो रहा है। पर्याप्त जगह और कक्ष नहीं होने से अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और व्यापारियों को परेशानी होती है। भवन में नमी और सीलन के कारण अभिलेखों के खराब होने का खतरा भी बना रहता है।
नए कार्यालय के लिए अशोक मार्ग पर निबंधन कार्यालय के पास 17 वर्ष पहले तीन एकड़ भूमि चिह्नित कर अधिग्रहित की गई थी। शासन से धन आवंटित होने के बाद ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर से निर्माण कराया जा रहा है।
करीब सात हजार वर्गफीट में बन रहे भवन के भूतल और प्रथम तल पर कुल 18 कक्षों के साथ मीटिंग हॉल, कांफ्रेंस हॉल और व्यापारी सुविधा केंद्र बनाया जा रहा है।
पार्किंग की समस्या से मिलेगी राहत : वर्तमान कार्यालय तक पहुंचने का रास्ता संकरा है और परिसर में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। इससे कर्मचारियों, व्यापारियों और अधिवक्ताओं को वाहन खड़े करने में परेशानी होती है। कई बार जाम की स्थिति भी बन जाती है। नए भवन में पर्याप्त पार्किंग की जगह होने से इस समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्य मार्ग पर स्थित होने के कारण कार्यालय तक पहुंचना भी आसान होगा।