- दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान दो पक्षों में हुई मारपीट, घायल का निजी अस्पताल में कराया गया इलाज
तुलसियापुर। कठेला समय माता थाना क्षेत्र के बसहिया गांव में मंगलवार रात मां दुर्गा की मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान एक युवक की पीठ में चाकू मार दिया गया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल का निजी अस्पताल में इलाज कराया गया। पुलिस के अनुसार, घायल के परिजन अब तक तहरीर नहीं दे सके हैं।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात बसहिया गांव में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे बज रहा था। इसी बीच डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान सुभाष यादव की पीठ में चाकू लगने से वह घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आरोप है कि युवक पर चाकू से हमला करने के बाद ग्रामीणों ने डीजे कर्मियों की पिटाई कर दी। इससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति संभाली। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में विवाद के कारणों और शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
कठेला समय माता थानाध्यक्ष नारायण लाल श्रीवास्तव ने बताया कि घायल युवक के परिजन अभी तहरीर नहीं दे रहे हैं। वह मंगलवार रात घायल के घर भी गए थे। तहरीर मिलने पर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।