लोटन। लोटन कोतवाली क्षेत्र के परसौना गांव में मंगलवार को ग्राम समाज की जमीन पर बिना अनुमति प्रतिमा रखने को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और राजस्व टीम ने निर्माण कार्य रुकवाकर मौके से निर्माण सामग्री हटवा दी।
जानकारी के अनुसार, परसौना गांव में कुछ लोग खलिहान की जमीन पर बिना अनुमति निर्माण कर महात्मा बुद्ध की प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास कर रहे थे। इसकी सूचना मिलते ही लोटन थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य रुकवा दिया। उन्होंने मामले की जानकारी उपजिलाधिकारी को दी।
सूचना के बाद नायब तहसीलदार विजय श्रीवास्तव, राजस्व निरीक्षक अब्दुल कय्यूम और लेखपाल महेंद्र कुमार सहानी समेत राजस्व टीम मौके पर पहुंची। टीम ने जमीन की पैमाइश की। सरकारी अभिलेख और मौके की जांच में भूमि खलिहान की पाई गई। इसके बाद निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री को हटवा दिया गया।
राजस्व और पुलिस अधिकारियों ने निर्माण कर रहे लोगों को सख्त हिदायत दी कि सरकारी भूमि पर भविष्य में बिना अनुमति किसी तरह का निर्माण किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के समय रहते मौके पर पहुंचने से विवाद बढ़ने से बच गया। मामले को लेकर पुलिस सतर्कता बरत रही है। थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा ने बताया कि निर्माण शुरू होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है और संबंधित लोगों को भविष्य में इस तरह का कार्य नहीं करने की हिदायत दी गई है।