- भागवत कथा के सातवें दिन कथावाचक ने सुनाई मित्रता और भक्ति की महिमा
औराताल। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के बनगाई गांव में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के सातवें दिन कथावाचक डॉ. बृजेश शुक्ला ने रविवार को कृष्ण-सुदामा की मित्रता का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि सच्ची मित्रता कैसे निभाई जाती है, यह भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा के जीवन से सीखना चाहिए।
उन्होंने बताया कि सुदामा भगवान श्रीकृष्ण के परम मित्र और जितेंद्रिय थे। वह भिक्षा मांगकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। गरीबी में जीवन बिताने के बावजूद हमेशा भगवान के ध्यान में मग्न रहते थे। पत्नी सुशीला के बार-बार आग्रह करने पर वह अपने मित्र श्रीकृष्ण से मिलने द्वारका पहुंचे।
कथावाचक ने बताया कि द्वारपालों ने भगवान श्रीकृष्ण को सुदामा के आने की सूचना दी तो वह नंगे पैर उनसे मिलने दौड़ पड़े। अपने मित्र को देखते ही उन्होंने गले लगा लिया। सुदामा की दीन दशा देखकर भगवान श्रीकृष्ण की आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने सुदामा को सिंहासन पर बैठाकर उनके चरण धोए। इसके बाद सभी पटरानियों ने भी सुदामा से आशीर्वाद लिया।
उन्होंने बताया कि सुदामा जब अपने घर लौटे तो भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से वहां महल बन चुका था, लेकिन उन्होंने सादगी का जीवन अपनाते हुए भगवान का सुमिरन जारी रखा।
इस दौरान राम प्यारे उपाध्याय, सरिता, दिनेश, अविनाश चौधरी, योगेश और सर्वेश सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।