बर्डपुर। कपिलवस्तु-प्रयागराज नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर के निर्माण के लिए प्रथम चरण में बर्डपुर-कपिलवस्तु मार्ग के चौड़ीकरण की प्रक्रिया तेज हो गई है। मंगलवार को राजस्व और लोक निर्माण विभाग की टीम ने मार्ग का सीमांकन शुरू किया। सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले गाटों और सरकारी भूमि को स्थलीय सीमांकन कर अलग-अलग चिह्नित किया जा रहा है।
कॉरिडोर के निर्माण और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को गति देने के लिए संबंधित क्षेत्र के हल्का लेखपाल खतौनी में सह-खातेदारों का अंश निर्धारण कर रहे हैं। इसके तहत संयुक्त गाटों में प्रत्येक सह-खातेदार का हिस्सा अभिलेखों में दर्ज किया जा रहा है। अंश निर्धारण पूरा होने के बाद भूमि अधिग्रहण के दौरान संबंधित खातेदारों को उनके हिस्से के अनुसार मुआवजा देने में सुविधा होगी। सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले निजी गाटों का स्थलीय और अभिलेखीय सत्यापन के बाद मुआवजा तैयार कर भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। लेखपालों की ओर से सह-खातेदारों से सहमति प्रपत्र पर हस्ताक्षर या अंगूठे का निशान लिया जा रहा है।