सिद्धार्थनगर। उप्र ग्राम पंचायत राज सफाई कर्मचारी संघ के ब्लाॅक एवं जिला कार्यकारिणी की कलक्ट्रेट परिसर में रविवार को बैठक आयोजित की गई। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष अनिल सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक का संचालन संघ के जिला मंत्री अश्वनी पाठक ने किया।
पंचायत राज सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष जगनरायन ने कहा कि प्रदेश के सभी जनपदों में ग्रामीण क्षेत्र में कार्य करने वालों सफाई कर्मचारियों की आश्वासित कॅरिअर प्रगति (एसीपी) लागू कर दी गई है, लेकिन जिले के सफाई कर्मचारियों के साथ ऐसा नहीं हुआ है। इस कारण कर्मचारियों का प्रतिमाह तीन हजार रुपये कम वेतन मिल रहा है। इसका व्यापक असर आठवें वेतन आयोग पर पड़ेगा। कई बार वार्ता करने के बाद अभी तक एसीपी नहीं लगाया गया है।