- बांसी की जाहिदा ने इतिहास ऑनर्स में हासिल किया गोल्ड मेडल, इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में सम्मानित
बांसी। कस्बे की बेटी जाहिदा हुसैन ने लखनऊ की इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में बीए ऑनर्स (इतिहास) में स्वर्ण पदक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। शनिवार को आयोजित विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उन्हें इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। उनकी सफलता पर कस्बे में खुशी का माहौल है और लोगों ने बधाई दी है।
कस्बे के गौतम बुद्ध नगर वार्ड निवासी व्यवसायी हुसैन अहमद की बेटी जाहिदा हुसैन ने इतिहास ऑनर्स में 8.9 सीजीपीए के साथ स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। पूरे पाठ्यक्रम के दौरान शैक्षणिक उत्कृष्टता और लगातार बेहतर प्रदर्शन के लिए उन्हें स्वर्ण पदक प्रदान किया गया।जाहिदा की इस उपलब्धि के पीछे उनकी मेहनत, लगन और पढ़ाई के प्रति समर्पण रहा है। वर्तमान में वह लोक प्रशासन विषय में परास्नातक की पढ़ाई कर रही हैं।
उनकी सफलता पर विधायक जय प्रताप सिंह, पूर्व सांसद डॉ. चंद्रशेखर त्रिपाठी, पूर्व विधायक लालजी यादव, नगर पालिका अध्यक्ष चमन आरा राईनी, पूर्व नपा अध्यक्ष मो. इदरीश पटवारी समेत तमाम लोगों ने बधाई दी है।