डुमरियागंज नगर के पीपुल्स इंटर कालेज के गेट के सामने बनी दुर्गा पांडाल के मुख्य गेट के उपर से ग
सिद्धार्थनगर। शारदीय नवरात्र में मां दुर्गा की आराधना के लिए जिले में जगह-जगह पंडाल सजाए गए हैं। कई स्थानों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी भी सामने आ रही है। हाईटेंशन तारों के नीचे तो कहीं उनके नजदीक मां दुर्गा के पंडाल बनाए गए हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की भीड़ और बिजली सजावट के बीच हादसे की आशंका बनी हुई है।
पूर्व में मूर्ति विसर्जन के दौरान करंट की चपेट में आने से कई लोग झुलस चुके हैं जबकि कुछ हादसों में जान भी जा चुकी है। इसके बावजूद लापरवाही बरतना चिंता का विषय है।
पुलिस विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, जिले में 1263 दुर्गा मूर्तियां स्थापित की जाती हैं। नवरात्र से पहले प्रशासन और पुलिस की ओर से शांति समिति की बैठक कर आयोजकों को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश दिए जाते हैं।
इसके बावजूद कुछ स्थानों पर बिजली के तारों के नीचे पंडाल बनाए जाने की तस्वीरें सामने आई हैं। नौ दिनों तक इन पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। ऐसे में तारों से चिंगारी निकलने, करंट उतरने या विसर्जन के दौरान मूर्ति या सजावट के तारों के संपर्क में आने से हादसा हो सकता है। डुमरियागंज में भी खतरे के बीच सजे पंडाल : डुमरियागंज नगर में पीपुल्स इंटर कॉलेज गेट के सामने बने दुर्गा पंडाल के मुख्य द्वार के ठीक ऊपर से हाईटेंशन बिजली का तार गुजर रहा है। बैदौला चौराहे पर बने पंडाल के ऊपर भी हाईटेंशन तार मौजूद है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा के इंतजाम कराने की मांग की है।