सिद्धार्थनगर। जिले में अभी तक साइबर थाना का संचालन तो हो रहा था, लेकिन खुद का भवन नहीं था। जल्द ही थाने को मॉडल और हाईटेक सुविधाओं से लैस भवन भी मिल जाएगा। बजट आवंटित होने के साथ ही थाने का निर्माण शुरू हो जाएगा। सोमवार को एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने भूमि पूजन किया।
एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने बताया कि साइबर थाना अपने यहां काम कर रहा था लेकिन खुद का भवन नहीं था। अब आधुनिक सुविधाओं से लैस भवन होगा। आने वाले समय में इसका बहुत लाभ होगा। लोग यहां केस दर्ज करवा सकेंगे और जांच की स्थिति जानने के लिए दौड़भाग नहीं करनी होगी। आधुनिक उपकरणों से लैस साइबर थाने में साइबर अपराध के पीड़ित ऑफलाइन और ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकेंगे। साइबर फ्रॉड की प्राथमिकी दर्ज कर टेक्निकल एक्सपर्ट प्रशिक्षित पुलिस पदाधिकारी और तकनीकी सेल के पुलिसकर्मी साइबर अपराध के मामलों का अनुसंधान कर साइबर फ्रॉड के शिकार लोगों को न्याय दिला सकेंगे। साइबर थाना की ओर से साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है, ताकि आम लोग साइबर ठगी के मामलों से बच सकें। इस दौरान एएसपी प्रशांत कुमार प्रसाद, सीओ सदर विश्वजीत शौर्य, सीओ सुजीत कुमार राय, आरआई बीएन गुप्ता आदि मौजूद रहे।