- पूजन सामग्री, मिठाई, फूल-माला, दीये और सजावटी सामान की हुई खरीदारी
- ग्राहकों को लुभाने के लिए दुकानदारों ने की आकर्षक सजावट
सिद्धार्थनगर। दिवाली की पूर्व संध्या पर शनिवार को जिले के बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही खरीदारी का सिलसिला शुरू हो गया। धनतेरस और छोटी दिवाली के बाद भी जरूरी सामान की खरीदारी के लिए लोग बाजार पहुंचे। कोई घर को रोशन करने के लिए दीये, बत्ती और झालर खरीदता दिखा तो कोई पूजन सामग्री, मिठाई, फूल-माला और उपहार की खरीदारी में जुटा रहा। त्योहार को लेकर बाजारों में दिनभर चहल-पहल बनी रही।
दिवाली पर घरों और प्रतिष्ठानों में पूजन के लिए भगवान गणेश और मां लक्ष्मी की मूर्तियों की मांग रही। बाजार में मिट्टी, प्लास्टर ऑफ पेरिस और धातु से बनी मूर्तियां उपलब्ध रहीं। इसके अलावा दीये, मोमबत्ती, रंगोली, सजावटी झालर, बंदनवार और पूजन सामग्री की दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ लगी रही।
मिठाई की दुकानों पर भी खूब रौनक दिखी। लोग घर-परिवार के लिए मिठाई खरीदने के साथ रिश्तेदारों और परिचितों को उपहार देने के लिए गिफ्ट पैक भी पसंद करते नजर आए। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानदारों ने अपनी दुकानों को रंगीन झालरों और आकर्षक सजावटी सामान से सजाया था।
शहर के प्रमुख बाजारों के साथ बांसी, डुमरियागंज, इटवा और शोहरतगढ़ में भी खरीदारी का माहौल बना रहा। त्योहार को लेकर बाजारों में देर शाम तक चहल-पहल बनी रही।