सिद्धार्थनगर। नए साल की तैयारियों को लेकर बाजार गुलजार है। गिफ्ट्स की दुकानों पर खरीदारी के लिए युवाओं की भीड़ जुट रही है। नव वर्ष की तैयारियों को लेकर युवाओं में उत्साह दिखाई दे रहा है। युवाओं को लुभाने के लिए दुकानदारों ने तैयारी की है।
साल 2025 की विदाई और 2026 के स्वागत के लिए खरीदारी जोर-शोर से शुरू हो चुकी है। दुकानों पर डिजाइनर गिफ्ट्स युवाओं की पहली पसंद बने हुए हैं। नववर्ष को लेकर फूल विक्रेताओं ने भी पूरी तैयारी कर ली है। फूलों की दुकानों पर तरह-तरह के बुके रखे हुए हैं जो ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं।
युवा नए साल को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। दुकानदारों ने भी बिक्री के लिए तरह-तरह के उपहार दुकान पर सजा रखे हैं। युवतियों की पहली पसंद टैडी बियर है तो वॉच व डिजाइनर गिफ्ट्स युवकों को लुभा रहे हैं।
गिफ्ट्स की कीमत 200 रुपये से लेकर डेढ़ हजार रुपये तक है। न्यू ईयर विशिंग टैडी आकर्षण का केंद्र बने हैं। घर व होटलों में नए साल के सेलिब्रेशन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।