ढेबरुआ। एसएसबी 50वीं वाहिनी की जी समवाय बढ़नी ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 20.04 ग्राम स्मैक के साथ पति-पत्नी को गिरफ्तार किया। दोनों को आवश्यक कार्रवाई के बाद ढेबरुआ पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
एसएसबी के अनुसार मंगलवार दोपहर सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक प्रियंका यादव के नेतृत्व में विशेष गश्ती दल गठित किया गया। टीम को ब्लॉक रोड बढ़नी की ओर एक महिला और पुरुष आते दिखाई दिए। संदेह होने पर दोनों को रोककर पूछताछ की गई। उन्होंने अपना नाम नूरजहां और अशफाक, निवासी माधोसिंह, थाना औराई, संतकबीरनगर बताया और केले लेकर जाने की बात कही।
गश्ती दल ने केले की पन्नी की जांच की तो उसमें काले रंग की पुड़िया में संदिग्ध पदार्थ मिला। समवाय प्रभारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर दोनों के पास से 20.04 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में नूरजहां (46) पत्नी अशफाक और अशफाक ने बताया कि मादक पदार्थ बलरामपुर के हरिहरगंज से किसी अज्ञात व्यक्ति से लिया था। इसे बढ़नी लेकर आ रहे थे। एसएसबी ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की।