सिद्धार्थनगर। बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को अंग्रेजी विषय में बेहतर अंक पाने के लिए अहम टिप्स दिए हैं। शिक्षकों का कहना है कि यदि छात्र-छात्राएं ग्रामर की पढ़ाई अच्छी तरह से कर ले तो अंग्रेजी का प्रश्नपत्र हल करना काफी आसान हो जाता है।
जय किसान इंटर कॉलेज सकतपुर सनई के अंग्रेजी शिक्षक अंजनी कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अंग्रेजी की परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए छात्र आत्मविश्वास के साथ परीक्षा कक्ष में जाएं। प्रश्नपत्र को ध्यानपूर्वक पढ़ें और उत्तर पुस्तिका में प्रत्येक हल किए गए प्रश्न की क्रम संख्या अवश्य लिखें। उन्होंने बताया कि केवल मॉडल पेपर पर निर्भर रहने के बजाय परीक्षार्थियों को टेस्ट बुक से तैयारी करनी चाहिए और प्रश्नों का नियमित अभ्यास करना चाहिए।
इससे प्रश्नों को समझने और सही तरीके से उत्तर लिखने की क्षमता विकसित होती है। नियमित अभ्यास, सही रणनीति और आत्मविश्वास के साथ की गई तैयारी से विद्यार्थी अंग्रेजी विषय में बेहतर अंक हासिल कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि अंग्रेजी विषय में शब्दों की सही स्पेलिंग लिखना बेहद जरूरी है, क्योंकि छोटी-छोटी गलतियों पर भी अंक कट सकते हैं। इसके साथ ही वाक्य रचना, काल, प्रीपोजीशन और आर्टिकल्स पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।