मेडिकल कॉलेज परिसर में हो रहा आवास निर्माण कार्य। संवाद
सिद्धार्थनगर। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा भवन परिसर में छात्रों के लिए हॉस्टल के निर्माण का काम शुरू हो गया है। पुराने भवन को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया है। 15 करोड़ की लागत से बन रहे हाॅस्टल का निर्माण होने से बाद 200 छात्र-छात्राओं को रहने के लिए बेहतर सुविधा मिल जाएगी।
मेडिकल कॉलेज में हॉस्टल के निर्माण के लिए शासन से स्वीकृति के साथ बजट भी मिल गया है। इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। मेडिकल कॉलेज में एक वर्ष में 100 सीटों पर एमबीबीएस छात्र-छात्राओं को प्रवेश लिया जाता हैं। ऐसे में इस बार प्रवेश होने से मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के 500 छात्र-छात्रा हो गए हैं, लेकिन मेडिकल कॉलेज के प्रशासनिक भवन में केवल 300 छात्र-छात्रा के लिए ही हॉस्टल की सुविधा है, जिससे पिछले वर्ष से ही छात्र-छात्राओं को हॉस्टल के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। इस क्रम में छात्र-छात्राओं के हित को ध्यान में रखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने प्रशासनिक भवन परिसर में ही सभी छात्रों को रहने के लिए प्रबंध किया।
उसके बाद शासन को हॉस्टल निर्माण के लिए प्रस्ताव भी भेजा गया, जिसके बाद चिकित्सा परिसर में जर्जर भवन को चिह्नित करके हॉस्टल निर्माण को लेकर प्रस्तावित किया गया। हॉस्टल निर्माण को लेकर चैंबर सहित अन्य प्रक्रिया शुरू कर दी गई हैं। इससे जल्द ही छात्र-छात्राओं के रहने के लिए हॉस्टल उपलब्ध हो जाएगा।